नर्मदापुरम जिले में जल संरक्षण को लेकर संगोष्ठी एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन

आनंद कुमार नामदेव À
नर्मदापुरम। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद नर्मदापुरम संभाग के समन्वयक श्री कौशलेश तिवारी एवं जिला समन्वयक श्री पवन सहगल के मार्गदर्शन में जिलेभर में चल रहे जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में नवांकुर वीणा पाणि संगीत एवं सामाजिक संस्था द्वारा जल संरक्षण विषय पर एक संगोष्ठी तथा चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में संस्था के छात्र-छात्राओं ने जल संरक्षण के महत्व को रेखांकित करते हुए आकर्षक चित्र बनाए। प्रतियोगिता में गिरिराज शर्मा, गरिमा व्यास, विनीता मालवीय, सावित्री देवी समेत कई प्रतिभाशाली छात्रों ने अपनी रचनात्मकता और जागरूकता का परिचय दिया। सभी प्रतिभागियों ने जल संकट के बढ़ते खतरे और जल स्रोतों के संरक्षण की आवश्यकता को अपने चित्रों के माध्यम से सशक्त तरीके से प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर ब्लॉक समन्वयक श्री विवेक मालवीय ने जल के अपव्यय को रोकने और समय-समय पर जल स्रोतों के समीप स्वच्छता बनाए रखने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ जल न केवल जीवन के लिए आवश्यक है, बल्कि यह हमारे स्वास्थ्य को भी प्रत्यक्ष रूप से प्रभावित करता है।
युवा समाजसेवी श्री साहिल तिलोटिया ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
संस्था के अध्यक्ष श्री आनंद कुमार नामदेव ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्रों का वितरण भोपाल से पधारे प्रसिद्ध बांसुरी वादक श्री सुंदरलाल करेले द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में संस्था के मार्गदर्शक पंडित सेवक शर्मा, श्री राम परसाई, संस्था सचिव अमित नामदेव, राजेश गौर, आदित्य नारायण परसाई, उदित नारायण तिवारी, सक्षम पाठक, विपुल दुबे सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने जल संरक्षण हेतु अपने स्तर पर जागरूकता फैलाने और जल संसाधनों के संरक्षण के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।