जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने तीखड में किया पंप हाउस क्रमांक 2 का भूमि पूजन पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश शासन के जल संसाधन मंत्री तुलसी राम सिलावट ने मंगलवार को नर्मदापुरम जिले के केसला विकासखंड के ग्राम पंचायत तीखड में झाड़ बीडा उदवहन सिंचाई परियोजना अंतर्गत पंप हाउस क्रमांक 2 के अंतर्गत 4 पंपों का भूमि पूजन किया। ग्राम तीखड में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री सिलावट ने पौधरोपण कर पर्यावरण बचाने का संदेश भी दिया।
झाड़ बीडा उदवहन सिंचाई परियोजना से 79 गांव लाभान्वित हो रहे हैं
केसला विकासखंड के ग्राम तीखड में स्थित झाड़ बीडा सिंचाई परियोजना से 79 गांव के 19 हजार 858 किसान लाभान्वित होगे। उक्त परियोजना की सिंचाई क्षमता 15 हजार 610 हैक्टेयर तक की है, साथ ही यह 177, 58 करोड़ की लागत से निर्मित किया जाएगा।
जल संसाधन विभाग मंत्री तुलसी राम सिलावट ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगो को मंत्री सिलावट ने कहा कि जल है तो कल है। जल से प्रगति है। जल है तो अन्नदाता किसानों का विकास भी है। मंत्री सिलावट ने कहा जल का हमारे जीवन में महत्वपूर्ण स्थान है। पहले जब हम कहीं जाते थे तब अपने आस पास तालाब, बावडी, कुंओं एवं नालों को जल से लबालब देखा करते थे। लेकिन आज तालाबों में कालोनियां बन गई है। केंचमेंट ऐरिया समाप्त हो गया है। पहले 20 फीट में ही जल प्राप्ति हो जाती थी। लेकिन आज का जल स्तर इतना नीचे गिर गया है कि अब हमे 250 से 300 फीट तक खुदाई पर भी पानी नहीं मिलता। मंत्री सिलावट ने कहा कि यदि हमने आज जल का संरक्षण एवं संवर्धन नहीं किया तो आने वाली पीढी हमे मांफ नहीं करेगी। विकास और प्रगति की बुनियाद जल है। मंत्री सिलावट ने सभी से आव्हान किया कि अपने जीवन का प्रतिदिन एक घण्टा किसी भी तालाब, बावडी, नदी एवं नालों पर श्रम दान कर बिताएं।
मंत्री सिलावट ने कहा कि पहले मध्यप्रदेश में 07 लाख हेक्टेयर क्षैत्र में सिंचाई होती थी। अब शासन ने इसे बढाकर 50 लाख हैक्टेयर कर दिया है। मंत्री सिलावट ने कहा कि आगामी 02 साल में इसे बढाकर 65 लाख हैक्टेयर एवं 05 साल में 1 लाख करोड हैक्टेयर तक कर दिया जाएगा। मंत्री सिलावट ने कहा हमारे पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी बाजपेयी ने नदी जोडने का सपना देखा था। उस सपने को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पूरा कर रहे है। वर्ष 2047 तक भारत एवं मध्यप्रदेश विकसित राष्ट्र एवं राज्य की श्रेणी में आ जाएगा। मंत्री सिलावट ने कहा कि पहले लोग एक एक बूंद पानी को तरसते थे लेकिन आज शासन ने सिंचाई सुविधाओं का बहुत विस्तार किया है। मंत्री सिलावट ने कहा कि जहां पर जल होगा वहीं पर पर्यटन भी होगा। मंत्री सिलावट ने कहा कि हरदा एवं नर्मदापुरम जिले के 82 हजार हैक्टेयर के क्षेत्र में तवा नहर से मूंग फसल के लिए पानी दिया जाता है। मंत्री सिलावट ने मुख्य अभियंता जल संसाधन विभाग राजा राम मीना को निर्देश दिए कि जितनी भी कच्ची नहरें है उन्हें पक्की एवं दुरस्त करने के लिए प्रस्ताव भिजवाएं।
मंत्री सिलावट ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब हम जल की एक एक बूंद बचाएंगे। तालाब, बावडियो, कुंओं एवं नालों की सुरक्षा करें। मंत्री सिलावट ने कहा कि जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए 30 मार्च से जल गंगा संवर्धन अभियान प्रारंभ किया गया है। उन्होने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगो को अपना योगदान देने के लिए संकल्प दिलाया।
सिवनीमालवा विधायक प्रेम शंकर वर्मा ने कहा कि सिवनीमालवा क्षेत्र को 3 बडी परियोजनाओं की सोगात मिली है। झाडबीडा परियोजना, दौडी झुनकर परियोजना एवं गंजाल मोरंड नदी सिंचाई परियोजना इन परियोजनाओं से सिवनीमालवा क्षेत्र के गांव को सिंचाई के लिए जल की प्राप्ति होगी। सिवनीमालवा विधायक प्रेम शंकर वर्मा ने कहा कि इन परियोजनाओं से सिवनीमालवा की एक एक इंच की जमीन सिंचित होगी। हमारे पास नर्मदा एवं हतेड नदी का वरदान है। उन्होने मंत्री सिलावट से आग्रह किया कि ऐसी योजना बनाए जिससे सिवनीमालवा की सारी जमीन सिंचित हो जाए।
विधायक वर्मा ने कहा कि हथनापुर आंवलीघाट सिंचाई योजना की भी बहुत आवश्यकता है। उन्होने कहा कि कई नहरों का सीमेंटीकरण नहीं होने के कारण पानी अनावश्यक रूप से बहता है। उन्होने मांग की कि जहां जहां सीपेज की स्थिति है वहां पर नहर का सिंमेंटीकरण किया जाए।
उन्होने तीखड से धुरगाडा तक सडक निर्माण किए जाने की मांग की। इसके पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमति प्रीति शुक्ला ने सभी से आवाहन किया कि सभी व्यक्ति नहर, कुंओं , बावडी एवं नालों पर श्रमदान करें। जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता राजा राम मीना ने जल संसाधन विभाग के द्वारा किए जा रहे कार्यो का ब्योरा दिया। विधायक वर्मा एवं एसडीएम श्री प्रतीक राव ने मंत्री सिलावट को स्मृति चिन्ह भेंट किया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत केसला के अध्यक्ष गंगा राम कलमें, जनपद पंचायत सिवनीमालवा के अध्यक्ष रोणुका मंडलोई, रीतेश जैन, जय किशोर चौधरी, योगेन्द्र सिंह राजपूत, शंभू सिंह भाटी, दीपेश राजपूत,धमेन्द्र राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि गण, जल संसाधन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारीगण तथा बडी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।