बुरहानपुर न्यूज़: खटिया पर मरीज का वीडियो वायरल हुआ तो शुरू कराया वैकल्पिक मार्ग का निर्माण
1 min read
Burhanpur News: बुरहानपुर । जिले के दूरस्थ और पहाड़ी पर बसे जम्बूपानी गांव के लोग वर्षाकाल में हर साल आवागमन से जुड़ी परेशानी का सामना करते हैं। इसका कारण गांव तक पक्का पहुंच मार्ग नहीं होना और बीच में पड़ने वाली अमरावती नदी पर पुल नहीं होना है।
आम दिनों में आवागमन के लिए छोटा रपटा बनाया गया है, लेकिन नदी में बाढ़ के कारण बरसात के दिनों में यह अक्सर पानी में डूबा रहता है। मंगलवार को गांव के एक मरीज को इलाज के लिए ले जाना पड़ा तो लोगों ने उसे खटिया पर बैठा कर नदी पार कराई।
इसका वीडियो ग्रामीणों ने इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर प्रशासन ने मदद की गुहार लगाई थी। वीडियो सामने आने के बाद बुधवार सुबह एसडीएम पल्ली पुराणिक ने लोक निर्माण विभाग तथा सेतु विभाग के अफसरों को तुरंत वैकल्पिक मार्ग तैयार करने के निर्देश दिए। जिसके बाद दोपहर में अफसरों ने जेसीबी बुलाकर आवागमन के लिए मार्ग निर्माण का काम शुरू कर दिया है।
ग्रामीण के पैर में था फ्रेक्चर
गांव के लोगों ने बताया कि आमसिंग पुत्र मोहन सिंग के पैर में फ्रेक्चर हो गया था। डाक्टर ने उसे पांच दिन बाद बुरहानपुर बुलाया था। इसी बीच तेज वर्षा के कारण नदी में बाढ़ आ गई। जिसके चलते उसे खटिया में बैठा कर नदी पार करानी पड़ी। अन्य ग्रामीण तेज बहाव के बीच से जान जोखिम में डाल कर आवागमन करते हैं।
गांव के प्रमोद महाजन का कहना था कि यह समस्या कई साल से है, लेकिन अब तक प्रशासन ने इसका स्थाई हल नहीं निकाला है। गांव में बीते छह दिन से बिजली सप्लाई भी बंद है, लेकिन मार्ग नहीं होने के कारण कर्मचारी गांव आने से कतरा रहे हैं। उन्हें गेहूं पिसवाने के लिए भी कच्चे रास्तों से दूसरे गांव जाना पड़ रहा है।
नाना नगरी की हालत भी बदतर
पहाड़ी क्षेत्र के जम्बूपानी गांव की तरह नाना नगरी गांव की हालत भी बदतर है। गांव के करीब पचास परिवारों को वर्षाकाल शुरू होने से पहले ही चार माह का राशन, किराना व अन्य जरूरी सामान खरीद कर रखना पड़ता है। इस गांव में भी पहुंच मार्ग नहीं है।
लोग कच्ची और पथरीली पगडंडियों के सहारे आवागमन करते हैं। ऐसे में वर्षा के समय पहाड़ से नीचे उतरना काफी खतरनाक हो जाता है। ग्रामीणों के मुताबिक बरसात के मौसम में अधिकांश समय बिजली सप्लाई बंद रहती है। जिससे परेशानी और बढ़ जाती है। यहां के ग्रामीण भी कई साल से सड़क निर्माण की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन अब तक यह सुविधा उन्हें नहीं मिल पाई है।
इनका कहना है
जम्बूपानी के संबंध में जानकारी मिलने पर लोनिवि व सेतु विभाग के अधिकारियों को बुलाया था। उन्हें तुरंत वैकल्पिक मार्ग निर्माण के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों को जल्द आवागमन की सुविधा मिलेगी।
– पल्लवी पुराणिक, एसडीएम।
Related posts:

जबलपुर पदयात्रा आज: BJP के 'लोकतंत्र बचाओ' अभियान में CM मोहन यादव

अखिल भारतीय कायस्थ समाज ने लिया आस्था और स्वच्छता का संकल्प

