NEWS INDIA 24×7

सच दिखता है

जनसुनवाई में कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं, 158 आवेदनों का किया समाधान

नर्मदापुरम। मंगलवार को कलेक्ट्रेट के जनसुनवाई कक्ष में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने नागरिकों की समस्याएं ध्यान पूर्वक सुनीं। जनसुनवाई के दौरान राजस्व, भूमि विवाद, पेंशन, आवास, बिजली, पानी सहित अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुई। जनसुनवाई के दौरान 158 आवेदनों का निराकरण किया गया।

कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मौके पर मौजूद सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त होने वाले आवेदनों का समय सीमा में और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत हिमांशु जैन, अपर कलेक्टर राजेश शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जनसुनवाई में ग्राम चांदला निवासी दिनेश गोस्वामी ने गेहूं की फसल की राशि का भुगतान ना होने की समस्या के संबंध में आवेदन दिया। प्राप्त आवेदन पर श्री मिश्रा ने संबंधित अधिकारी को जांच कर समस्या का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिये। एक अन्य मामले में ग्राम अकोला निवास मालती बाई ने अपने पति की मृत्यु के पश्चात आर्थिक सहायता प्रदाय करने हेतु आवेदन दिया। प्राप्त आवेदन पर कलेक्टर श्री मिश्रा ने सीईओ जनपद पंचायत सोहागपुर को जांच कर शीघ्र सहायता प्रदाय करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार ग्राम आगराकला निवासी श्री बैनी प्रसाद ने खेत के आवागमन मार्ग से अतिक्रमण हटाने के संबंध में आवेदन दिया। प्राप्त आवेदन पर श्री मिश्रा ने मामले को गंभीरता से लिया है। श्री मिश्रा ने अनुविभागीय अधिकारी को अवैध अतिक्रमण चिन्हित कर कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया। ग्राम झालसरसेठ निवासी सुमेर सिंह ने अपने की सड़क दुर्घटना में मृत्यु उपरान्त क्षतिपूर्ति राशि प्रदान करने के सम्बन्ध में आवेदन दिया। जिस पर श्री मिश्रा ने अनुविभागीय अधिकारी इटारसी को समस्या का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिये।

About The Author