कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देश पर खनिज एवं राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई,दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
नर्मदापुरम। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में राजस्व, खनिज एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा अवैध रेत परिवहन करने वाले दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान ग्राम रायपुर से अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर पुलिस थाना देहात की अभिरक्षा में रखा गया। वहीं ग्राम नानपा, तहसील डोलरिया में अवैध रेत परिवहन करते पाए गए एक अन्य ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी जब्त कर पुलिस थाना डोलरिया की अभिरक्षा में सुरक्षित रखा गया। यह कार्रवाई नायब तहसीलदार डोलरिया, खनि निरीक्षक एवं पुलिस बल की संयुक्त टीम द्वारा की गई। जब्त किए गए वाहनों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
