दिव्यांग आवेदकों के बीच स्वयं पहुंचे कलेक्टर, संवेदनशीलता के साथ सुनी समस्याएं, 152 आवेदकों की समस्याओं का हुआ समाधान
नर्मदापुरम । कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा कई प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया।
जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, सीमांकन, प्रधानमंत्री आवास योजना, शिक्षा, रोजगार, बिजली, पानी, स्वच्छता सहित विभिन्न विभागों से संबंधित 152 शिकायतें प्राप्त हुईं। कलेक्टर श्री मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सभी शिकायतों का समय-सीमा निर्धारित कर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
जनसुनवाई में सोहागपुर निवासी श्रीमती जीजन बाई ने अपनी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत प्रस्तुत की। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम सोहागपुर को निर्देश दिए कि भूमि का सीमांकन कर अवैध कब्जा पाए जाने पर तत्काल हटाने की कार्रवाई करें तथा एक सप्ताह के भीतर विस्तृत पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।
इसी प्रकार तहसील बनखेड़ी की ग्राम पंचायत पीपरपानी निवासी सुशील कुमार शुक्ला ने शासकीय भवन के जर्जर होने एवं उस पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। कलेक्टर ने तहसीलदार बनखेड़ी को निर्देशित किया कि लोक निर्माण विभाग से भवन का परीक्षण कराया जाए तथा भवन के जर्जर एवं जीर्ण-शीर्ण पाए जाने पर उसे नियमानुसार डिस्मेंटल कराया जाए। साथ ही अवैध अतिक्रमण पाए जाने पर तत्काल हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
तहसील माखननगर निवासी पवन यादव ने भू-अभिलेख शाखा में खसरा अनुमोदन का प्रकरण तीन माह से लंबित होने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने भू-अभिलेख अधीक्षक को सात दिवस के भीतर खसरा अनुमोदन की प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए। तहसील पिपरिया निवासी मीना बाई ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत तीसरी किस्त प्राप्त नहीं होने की शिकायत प्रस्तुत की। कलेक्टर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी पिपरिया को मामले की जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने तथा पात्रता अनुसार हितग्राही को योजना का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
दिव्यांग आवेदकों के बीच स्वयं पहुंचे कलेक्टर, संवेदनशीलता के साथ सुनी समस्याएं
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए दिव्यांगजनों की समस्याएं सुनने स्वयं भूतल स्थित जनसुनवाई कक्ष पहुंचे। उन्होंने दिव्यांग आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। माखननगर निवासी लखनलाल ने अपने पुत्र को सांदीपनि विद्यालय में प्रवेश नहीं मिलने की शिकायत की। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को मामले की जांच कर पात्रता अनुसार छात्र का प्रवेश सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
नर्मदापुरम निवासी मोहम्मद शाहरुख ने अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर कलेक्टर ने जिला रोजगार अधिकारी को आवेदक की पात्रता के अनुसार आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तहसील माखननगर की दिव्यांग आवेदिका मनीषा अहिरवार ने उपचार हेतु आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने संबंधित विभाग को आवेदिका का शीघ्र उपचार सुनिश्चित कराने तथा पात्रता अनुसार दिव्यांगजन पेंशन का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने आवेदी का को अपने निवास स्थल तक पहुंच जाने के निर्देश भी उपस्थित अधिकारियों को दिए। कलेक्टर से प्राप्त निर्देश अनुसार दिव्यांग आवेदिका को निवास स्थल शासकीय से पहुंचाया गया।
जनसुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु जैन, अपर कलेक्टर राजेश शुक्ला, एसडीएम देवेंद्र प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने भी जनसुनवाई में पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की।

