Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

NEWS INDIA 24×7

सच दिखता है

“एक सकोरा, पानी पक्षियों की जिंदगानी” थीम पर जिले में ‘नीर पखेरू अभियान’ का शुभारंभ

1 min read

नर्मदापुरम। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू यादव एवं कलेक्टर  सोमेश मिश्रा ने सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के रेवा सभा कक्ष से जिला स्तरीय ‘नीर पखेरू अभियान’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने शासकीय विद्यालयों के बच्चों एवं अनुविभागीय अधिकारियों को एक-एक सकोरा भेंट कर अभियान की शुरुआत की। शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर श्री मिश्रा ने अभियान की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वर्तमान में नर्मदापुरम जिला भीषण गर्मी के दौर से गुजर रहा है, ऐसे में पशु-पक्षियों के लिए पेयजल की व्यवस्था करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ‘नीर पखेरू अभियान’ के अंतर्गत पक्षियों के लिए सुरक्षित एवं व्यवस्थित पेयजल सुविधा सुनिश्चित की जाएगी।

कलेक्टर ने बताया कि यह अभियान केवल पक्षियों के संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि स्कूली विद्यार्थियों एवं आमजन में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता, जिम्मेदारी एवं सेवा भाव विकसित करने का भी सशक्त माध्यम बनेगा। अभियान को जिले में “एक सकोरा, पानी पक्षियों की जिंदगानी” थीम पर संचालित किया जाएगा। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देशित करते हुए कहा कि अपने-अपने अनुविभागों में अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें तथा इसकी नियमित मॉनिटरिंग भी करें। साथ ही उन्होंने आम नागरिकों से अधिक से अधिक सहभागिता की अपील करते हुए इसे जन-आंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया। कलेक्टर ने स्कूलों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों में जल पात्र स्थापित करने के निर्देश भी दिए।

इस दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों द्वारा ‘वेस्ट से बेस्ट’ के तहत बनाए गए घोंसलों एवं सकोरों की सराहना करते हुए कहा कि उपलब्ध संसाधनों का सदुपयोग कर हम सभी को पशु-पक्षियों के लिए भोजन एवं पानी की व्यवस्था करनी चाहिए। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन, अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत, संयुक्त कलेक्टर एवं सिटी मजिस्ट्रेट  देवेंद्र प्रताप सिंह, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती सरोज परिहार, श्रीमती नीता कोरी सहित समस्त अनुविभागीय एवं जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author